महंत भगवत विशाल इंटर कॉलेज कदौरा में शिक्षक दिवस मनाया गया, 25 पौधे लगाए गए
शिक्षक दिवस पर कदौरा इंटर कॉलेज में सम्मान समारोह, विद्यार्थियों ने शिक्षकों को उपहार देकर जताया आभार, प्रधानाचार्य ने अनुशासन और शिक्षा से भविष्य संवारने का दिया संदेश

कदौरा, जालौन। महंत भगवत विशाल इंटर कॉलेज कदौरा, जनपद जालौन में शनिवार, 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास कुमार सिंह द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद प्रधानाचार्य ने केक काटकर डॉ. राधाकृष्णन का जन्मदिवस मनाया।
बच्चों को बताया शिक्षक दिवस का महत्व

इस अवसर पर प्रधानाचार्य विकास कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और उनके योगदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन महान विचारक, दार्शनिक और शिक्षाविद थे। उन्होंने देश के प्रथम उपराष्ट्रपति तथा द्वितीय राष्ट्रपति के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रधानाचार्य ने बच्चों को बताया कि जब उनके शिष्यों ने उनका जन्मदिन मनाने की इच्छा व्यक्त की थी, तब डॉ. राधाकृष्णन ने कहा था कि यदि उनके जन्मदिवस को पूरे देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाए तो उन्हें बेहद गर्व होगा। इसके बाद प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई।
‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत लगाए 25 पौधे

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। शासन एवं विभाग के निर्देशों के अनुसार ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में लगभग 25 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
विद्यालय परिवार ने पौधरोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं से पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया।
छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का माल्यार्पण कर सम्मान किया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपना आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और सम्मान का माहौल देखने को मिला।
प्रधानाचार्य विकास कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षक और छात्र के रिश्ते की अहमियत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक पंक्तियां भी प्रस्तुत कीं

“शिक्षक हैं हम, शिक्षा की तस्वीर बदल देंगे।
अगर दिया इन बच्चों ने हमारा साथ,
चले हमारे बताए गए रास्ते पर,
रहे अनुशासन पर,
तो हम निश्चित ही इनकी तकदीर बदल देंगे।”
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की रही मौजूदगी

शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अनीश वेग, पृथ्वी पाल अहिरवार, मनोज कुमार वर्मा, मनीष कुमार, अंजुलि गुप्ता, श्रेष्ठ बाथम, मुस्कान खान, योगेश कुमार, अजय सिंह, पवन कुमार, राकेश कुमार, भगवान दीन, विवेक कुमार, विक्रांत वर्मा, आनंद मोहन, शिवकुमार नामदेव, राधा कृष्ण, जगदीश प्रसाद, कैलाश कुमार, महादेवी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के विचारों को आत्मसात करने तथा शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।
—————————- समाप्त ———————-



