Uncategorizedक्राइम न्यूज

इंदौर में 20 दिन पहले ब्याही युवती की चाकू से हत्या, पानी की हौज में मिला शव; जेठानी गिरफ्तार

इंदौर के राऊ में 20 दिन पहले प्रेम विवाह कर ससुराल आई 20 वर्षीय युवती की हत्या से सनसनी फैल गई। घर के बाहर पानी की हौज में उसका शव मिला। पुलिस ने मामले में जेठानी को गिरफ्तार किया है।

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राऊ थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। न्यू नेहरू नगर में महज 20 दिन पहले प्रेम विवाह कर ससुराल आई 20 वर्षीय वंदना कुशवाह का शव घर के बाहर बनी पानी की हौज में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वंदना की गर्दन पर धारदार चाकू से वार किए गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की जेठानी पार्वती कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी जेठानी ने हत्या की बात स्वीकार की है। दोनों के बीच रक्षाबंधन के दिन से पारिवारिक बातों को लेकर तनातनी चल रही थी, जो आखिरकार खूनी अंजाम तक पहुंच गई।

बंद कमरे में चीखें और फिर पसरा सन्नाटा

घटना के समय घर में दोनों देवरानी-जेठानी के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति मौजूद नहीं था। आरोपी पार्वती के बच्चे रोज की तरह स्कूल गए हुए थे। वहीं, पार्वती के पति भूपेंद्र की तबीयत खराब होने के चलते वह अस्पताल में भर्ती थे। वंदना का पति उपेंद्र भी अस्पताल में अपने भाई की तीमारदारी में लगा हुआ था। दोपहर के वक्त अचानक पड़ोसियों को घर के भीतर से वंदना की तेज चीख सुनाई दी। चीख सुनकर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। कुछ देर बाद जब घर का दरवाजा खुला और पार्वती बाहर निकली, तो आसपास के लोगों ने उसे देखा। इसके बाद काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं दिखी तो स्थानीय लोगों ने राऊ थाना पुलिस को सूचना दी।

पानी की हौज में तैरता मिला शव

सूचना मिलते ही पुलिस टीम न्यू नेहरू नगर पहुंची। पुलिस ने मकान और आसपास के हिस्से की तलाशी ली। इसी दौरान घर के बाहर बनी पानी से भरी हौज में वंदना का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो उसकी गर्दन पर गहरे जख्म मिले। प्रथम दृष्टया जख्म धारदार हथियार से किए गए हमले के प्रतीत हुए। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए।

रक्षाबंधन पर हुई टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाओं के बीच पिछले कुछ दिनों से तनाव चल रहा था। पुलिस के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इस दौरान वंदना ने पार्वती के भाई को लेकर कथित तौर पर टिप्पणी कर दी थी। बताया जा रहा है कि पार्वती का भाई दुष्कर्म के एक मामले में दमोह जेल में बंद है। इसी बात को लेकर वंदना द्वारा कथित तौर पर ताना कसे जाने से पार्वती नाराज थी। घटना वाले दिन पुराना विवाद फिर सामने आया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विवाद के दौरान वंदना ने कथित तौर पर कहा कि उसका पति उसकी बात सुनता है और वह पार्वती को उसके पति और बच्चों के साथ घर से बाहर निकलवा देगी। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से गुस्साई पार्वती रसोई में गई और वहां से सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाई। आरोप है कि उसने वंदना की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल वंदना फर्श पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।पुलिस का आरोप है कि इसके बाद पार्वती ने शव को घर के बाहर बनी पानी की हौज में डाल दिया।

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

 

घटना के बाद पुलिस ने मोहल्ले और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में पार्वती संदिग्ध परिस्थितियों में घर से बाहर जाती हुई दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पार्वती कुशवाह को हिरासत में लिया। थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक उसने घटना के संबंध में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद करने की कार्रवाई शुरू की।

20 दिन पहले मंदिर में हुई थी प्रेम शादी

 

मृतका वंदना की शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था। वंदना मूल रूप से इंदौर के राजनगर इलाके की रहने वाली थी। वहीं उसकी पहचान उपेंद्र पटेल से हुई थी, जो फुटपाथ पर जूते-चप्पल की दुकान लगाता है। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे।

वंदना का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। परिजनों का आरोप था कि उपेंद्र को नशे की लत है, इसलिए वे अपनी बेटी की शादी उससे नहीं करना चाहते थे। पारिवारिक विरोध के बाद उपेंद्र राजनगर इलाका छोड़कर राऊ में किराए के मकान में रहने लगा था।

इसके बाद 11 अगस्त को वंदना अपने घर से बिना बताए निकल गई और मंदिर में उपेंद्र के साथ शादी कर ली। बेटी के अचानक गायब होने पर उसके पिता धर्मेंद्र, जो ड्राइवर हैं, ने चंदन नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने वंदना को तलाशकर थाने बुलाया। वहां बालिग वंदना ने पुलिस के सामने कहा कि उसने अपनी मर्जी से उपेंद्र से शादी की है और वह उसी के साथ रहना चाहती है। इसके बाद पुलिस ने उसे उपेंद्र के साथ भेज दिया।

लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि शादी के महज 20 दिन बाद ही उसकी जिंदगी इस दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो जाएगी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

वंदना की मौत की खबर से उसके मायके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले वंदना के भाई की एसिड पीने से असमय मौत हो गई थी। परिवार अभी इस सदमे से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटी की दर्दनाक मौत ने उन्हें फिर तोड़ दिया।

वहीं आरोपी पार्वती का पति भूपेंद्र फुटपाथ पर कपड़े बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता है। बीमारी के चलते वह अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान परिवार में हुई इस घटना की खबर से सभी स्तब्ध रह गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

 

राऊ थाना पुलिस के मुताबिक, मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पार्वती कुशवाह के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है।

————————– समाप्त ———————

सब एडिटर चीफ मो रईस 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!