क्राइम न्यूज

हनीमून पर पत्नी को आया पीरियड तो पति ने किया जानलेवा हमला, गोरखपुर की पीड़िता ने दर्ज कराई FIR

गोरखपुर में नवविवाहिता ने पति, सास और ननद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि शादी में लाखों रुपये और कार देने के बावजूद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। हनीमून के दौरान गला दबाने की कोशिश और शादी के 45 दिन बाद घर से निकालने का आरोप है। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता को शादी के महज 45 दिनों के भीतर ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पिता ने शादी में 20 लाख रुपये नकद, लग्जरी कार समेत करीब 60 लाख रुपये से अधिक का खर्च किया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज और ब्रांडेड सामान न मिलने का ताना देकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे। हद तो तब हो गई जब हनीमून के दौरान पति ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए उसका गला दबाने की कोशिश की। अब एसएसपी के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोद भराई से लेकर शादी तक करोड़ों के सपने और 60 लाख का दहेज

​पीड़िता गोरखपुर के रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र की रहने वाली है। परिजनों के अनुसार, उसका रिश्ता दिल्ली निवासी निखिल मिश्रा के साथ तय हुआ था। 30 अप्रैल 2023 को गोरखपुर में धूमधाम से गोद भराई की रस्म पूरी की गई। इसके बाद 30 मई 2023 को दिल्ली के पटपड़गंज स्थित एक बड़े मैरिज लॉन में दोनों की शादी संपन्न हुई।

​शादी में वधू पक्ष ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया। पिता ने बेटी की खुशहाली के लिए 20 लाख रुपये नकद, एक नई हुंडई (Hyundai) कार और करीब 40 लाख रुपये का घरेलू व इलेक्ट्रॉनिक सामान उपहार स्वरूप दिया था। 2 जून 2023 को पीड़िता विदा होकर दिल्ली स्थित अपनी ससुराल पहुंची। लेकिन ससुराल पहुंचते ही पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडे का रवैया बदल गया। ससुराल वाले दिए गए सामान को गैर-ब्रांडेड बताकर ताने मारने लगे और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक दबाव बनाने लगे।

हनीमून पर दरिंदगी विरोध करने पर होटल में दबाया गला

​शादी के कुछ हफ्तों बाद 4 जुलाई 2023 को पति निखिल मिश्रा पीड़िता को हनीमून के बहाने अंडमान-निकोबार लेकर गया। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वहां पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई और पीरियड्स शुरू हो गए। शारीरिक अस्वस्थता के चलते जब उसने पति की अनुचित मांग का विरोध किया, तो निखिल आगबबूला हो गया।

​आरोप है कि पति ने होटल के कमरे में गाली-गलौज करते हुए पीड़िता के साथ जमकर मारपीट की और उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर जब होटल का स्टाफ दौड़कर कमरे में पहुंचा, तब जाकर पीड़िता की जान बच सकी। इस घटना के बाद पीड़िता बुरी तरह सहम गई।

ससुराल में प्रताड़ना और 45 दिन में घर से बेदखली

​अंडमान से दिल्ली लौटने के बाद पीड़िता ने जब पूरी आपबीती अपनी सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडे को बताई, तो न्याय मिलने के बजाय ससुराल वालों का जुल्म और बढ़ गया। सास और ननद ने भी पति का पक्ष लेते हुए पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

​बात बिगड़ने पर जब पीड़िता के पिता समझौते की उम्मीद लेकर दिल्ली ससुराल पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और अभद्रता की तथा उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। आखिरकार 14 जुलाई 2023 को, शादी के महज 45 दिन बाद, पीड़िता को गहने और जरूरी सामान छीनकर ससुराल से धक्के देकर निकाल दिया गया।

समझौते की कोशिशें नाकाम, SSP के आदेश पर एक्शन

​ससुराल से निकाले जाने के बाद पीड़िता अपने मायके गोरखपुर लौट आई। परिवार ने सामाजिक स्तर पर कई बार सुलह-समझौते की कोशिश की, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी दहेज की जिद पर अड़ा रहा। जब बात नहीं बनी, तो पीड़िता ने न्याय के लिए कानूनी रास्ता अपनाया।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. कौस्तुभ ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर रामगढ़ ताल पुलिस ने आरोपी पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडे के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी और प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

रामगढ़ ताल थाना प्रभारी श्यामानंद राय ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक (दरोगा) सुनील कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

———————– समाप्त ——————–

सब एडिटर मो रईस 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!